Big News: कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी नहीं करेगी BJP, बड़ौली बोले- ''विदेश से लौटने पर होगी बातचीत''
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 10:45 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजन लाल के सम्मान को लेकर छिड़ा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने स्पष्ट किया है कि पार्टी कुलदीप बिश्नोई को कोई कारण बताओ नोटिस जारी नहीं करेगी। बड़ौली ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई फिलहाल विदेश में हैं और उनके भारत लौटने पर उनसे विस्तार से बातचीत की जाएगी।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने एक रैली के दौरान चौधरी भजन लाल के चुनाव जीतने के पुराने तरीकों पर टिप्पणी की थी। इससे नाराज होकर कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर कड़ा रुख अपनाया और रेखा शर्मा से माफी की मांग की। बिश्नोई ने चेतावनी दी थी कि उनके परिवार के सम्मान के साथ समझौता नहीं किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, इस विवाद को बढ़ता देख पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मध्यस्थता की है। खट्टर ने दोनों पक्षों के बीच उपजे असंतोष को शांत करने के लिए हस्तक्षेप किया है, क्योंकि भाजपा आगामी चुनावों से पहले बिश्नोई समाज और भजन लाल के समर्थकों की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहती। इससे पहले चर्चा थी कि पार्टी अनुशासनहीनता के आरोप में कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी कर सकती है, लेकिन अब मोहन लाल बड़ौली ने नरम रुख अपनाते हुए कहा है कि: कुलदीप बिश्नोई हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वे अभी बाहर (विदेश) हैं। उनके आने पर बैठकर बात होगी और सभी गलतफहमियों को दूर कर लिया जाएगा।"