कुमारी शैलजा ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, बोली - सरकारी स्कीमों के लाभ से गरीबों को किया जा रहा वंचित

punjabkesari.in Sunday, Apr 09, 2023 - 09:38 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप) : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने ओबीसी मोर्चा सम्मेलन में पहुंचकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ओबीसी के नाम पर लोगों को बरगला रही है। राहुल गांधी के खिलाफ एक राजनीतिक षड्यंत्र रचा जा रहा है। जगह-जगह उनके खिलाफ केस किए जा रहे हैं। साफ नजर आता है कि ये भाजपा की ओछी राजनीति की सोच है।

आगे उन्होंने कहा कि आज विपक्ष का काम है सवाल पूछना और सरकार का काम है सदन में उन सवालों का जवाब देना। सरकार उन सवालों का जवाब नहीं देती है। आज के दिन सभी को पता है कि देश के अंदर लोकतंत्र की क्या बदहाली है, अघोषित लोकतंत्र है।

कर्नाटक चुनाव पर बोलते हैं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि कर्नाटक की जनता इनके खिलाफ हो चुकी है। कर्नाटक के अंदर बीजेपी बुरी तरह हार का सामना करेगी। कांग्रेस की सरकार वहां पर बनेगी और यही कारण है कि आज भाजपा बौखलाई हुई है।

जब उनसे कहा गया कि पवन खेड़ा के साथ सारे देश की कांग्रेस पार्टी खड़ी थी, मगर राहुल गांधी के मुद्दे पर ऐसा नहीं हुआ तो कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के मुद्दे पर हम कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं और अभी हमारा केस भी लंबित है। हम कानूनी हिसाब से लड़ाई भी लड़ रहे हैं। रही बात विक्टिम कार्ड की तो देश को बरगलाया जा रहा है। आज इस देश का आम नागरिक विक्टिम है और  इस देश का युवा बेरोजगार है।

शैलजा ने कहा कि आज हरियाणा के अंदर परिवार पहचान पत्र लोगों के लिए आफत बन गया है। लोगों की पेंशन काटी जा रही है। नए पेंशन कार्ड बन नहीं रहे। स्कॉलरशिप मिल नहीं रही। यह भी आंकड़े बता रहे हैं कि पहचान पत्र जबरदस्ती थोप  दिया। परिवार  पहचान  पत्र से आज गरीब आदमी का बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। आज सरकारी स्कीमों के लाभ से भी गरीब लोगों को वंचित किया जा रहा है।

हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी हराने को अभय चौटाला के सवाल पर पूर्व मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि हर पार्टी अपने वजूद के लिए काम करती है। अब उनकी पार्टी किस स्तर पर आती है वह आने वाला समय बताएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चाहती है कि हम ओबीसी समाज को ऊपर लेकर आएं और जो हमारा वंचित वर्ग है इन सबको हम इनका हक दें।

कांग्रेस के ओबीसी वर्ग के चेयरमैन व पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने कहा कि आज यह ओबीसी मोर्चा का पांचवा सम्मेलन है। आज भाजपा ओबीसी विक्टिम कार्ड खेलने की कोशिश कर रही है। हमारे नेता राहुल गांधी के साथ किस तरह से यह खेल भाजपा ने खेला है सारे देश की जनता जानती है। भाजपा सरकार ओबीसी की आड़ ले रही है। आज ओबीसी को आरक्षण नहीं मिल रहा है। कांग्रेस पार्टी पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में हरियाणा प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई ने भी शिरकत की।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static