Kurukshetra: पशुओं के बाड़े में 18 वर्षीय युवक ने लगाया फंदा; 10 साल से गांव में मजदूरी कर रहा था परिवार

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 05:34 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के अमीन गांव में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव पशुओं के बाड़े में बने कमरे के अंदर लोहे के गाटर से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मृतक की पहचान 18 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है। वह मूल रूप से करनाल जिले के नलीपार गांव का रहने वाला था, लेकिन पिछले कई वर्षों से उसका परिवार अमीन गांव में रहकर किसानों के पास मजदूरी करता था। अरुण अमीन गांव के डेरा रामपुरा में एक किसान के पास काम करता था और पशुओं की देखभाल का काम संभालता था।

सुबह दूध निकालने आया था बाड़े में
जानकारी के अनुसार अरुण रोजाना की तरह सुबह पशुओं के बाड़े में भैंसों का दूध निकालने के लिए आया था। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो बाड़े के मालिक को शक हुआ। जब वह मौके पर पहुंचा तो अंदर बने कमरे में अरुण को रस्सी के सहारे लोहे के गाटर से फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी गई।

दो साल से कर रहा था काम
मृतक के पिता गज्जन सिंह निवासी नलीपार ने बताया कि अरुण उनका दूसरा बेटा था। उनका परिवार करीब 10 साल से अमीन गांव में एक किसान के पास काम कर रहा है और यहीं रह रहा है। अरुण करीब दो साल से गांव के ही एक किसान के पास काम करता था और पशुओं की देखभाल करता था।

उन्होंने बताया कि सुबह गांव के जयभगवान और हरदीप सिंह उनके पास आए और कहा कि अरुण की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है, इसलिए तुरंत चलना होगा। इसके बाद वह अपनी पत्नी दर्शना के साथ उनके साथ डेरे पर पहुंचे। वहां बाड़े में बने कमरे में जाकर देखा तो अरुण लोहे के गाटर से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था।

पुलिस ने दर्ज की इत्तफाकिया रिपोर्ट
बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना केयूके पुलिस ने गज्जन सिंह के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static