Kurukshetra : नाबालिगा से दुष्कर्म केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, 9 दोषियों को कड़ी सजा, जुर्माना भी ठोका
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 05:13 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में नाबालिग से जुड़े एक गंभीर आपराधिक मामले में अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद फैसला सुनाया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 2020 में दर्ज हुए अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और मानव तस्करी से जुड़े मामले में 9 आरोपियों को दोषी करार देते हुए अलग-अलग सज़ाएं सुनाई हैं।
पुलिस के अनुसार, सदर थाना थानेसर क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय किशोरी 27 जनवरी 2020 को घर से दादी के पास जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
करीब चार महीने बाद पुलिस ने किशोरी को बरामद किया। जांच और मेडिकल रिपोर्ट में उसके साथ गंभीर अपराध होने की पुष्टि हुई। आगे की जांच में यह सामने आया कि आरोपियों ने उसका अपहरण कर कई जगहों पर ले जाया और बाद में उसे एक महिला के माध्यम से जबरन अवैध गतिविधियों में धकेल दिया।
मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में चली और लगभग 6 साल बाद अदालत ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने कुछ दोषियों को 20-20 साल की सजा, कुछ को आजीवन कारावास और अन्य को 14-14 साल की सजा सुनाई है। साथ ही सभी पर जुर्माना भी लगाया गया है। यह फैसला ऐसे गंभीर मामलों में न्याय प्रक्रिया की अहमियत को दर्शाता है और पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)