Kurukshetra : विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड, टीचर से 12 लाख ठगने वाला एजेंट गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 08:09 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र शहर में स्टडी वीजा के नाम पर ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर एक टीचर से करीब 12 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नीरज वर्मा निवासी निसिंग जिला करनाल के रूप में हुई है। खास बात यह है कि आरोपी के पिता और शिकायतकर्ता एक ही स्कूल में अध्यापक हैं।
जानकारी के अनुसार हरिनगर निवासी चंदगी राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे तुषार को स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहते थे। इसी दौरान उनके दोस्त सतीश कुमार ने अपने बेटे नीरज वर्मा से वीजा लगवाने की सिफारिश की थी। सतीश ने अपने बेटे के ऑफिस का पता और मोबाइल नंबर भी दिया था। इसके बाद नीरज ने उन्हें अपने ऑफिस बुलाकर असिस्टेंट रीतू से मिलवाया।
आरोप है कि नीरज ने एक महीने के भीतर वीजा लगवाने का भरोसा देते हुए कुल 12 लाख रुपए खर्च होने की बात कही और फाइल लगाने के नाम पर 50 हजार रुपए एडवांस ले लिए। इसके बाद पीड़ित ने 24 अप्रैल को भरोसा करते हुए 10 लाख 40 हजार रुपए आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। बाद में वीजा लगने की बात कहकर आरोपी ने रीतू के खाते में 1.12 लाख रुपए और मांगे, जिस पर पीड़ित ने 82,500 और 30 हजार रुपए गूगल-पे के जरिए भेज दिए।
कुछ समय बाद जब पीड़ित ने वीजा के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शक होने पर जब डॉक्यूमेंट मांगे गए तो आरोपी ने फर्जी दस्तावेज भेज दिए और फीस जमा होने का कोई रिकॉर्ड भी नहीं दिखाया। बाद में आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
पीड़ित ने 30 दिसंबर को मामले की शिकायत पुलिस को दी। इस दौरान आरोपी ने समझौते के तौर पर एक चेक दिया, लेकिन 30 दिन बाद बैंक में लगाने पर वह भी बाउंस हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। पुलिस ने थाना सिटी थानेसर में मामला दर्ज कर आरोपी नीरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)