हिसार चंडीगढ़ हाईवे पर रुमल के परिजनों ने लगाया जाम, रास्ता रोक कर बदमाशों ने की थी हत्या
punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 04:06 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल देव) : कुरुक्षेत्र के कस्बा पिहोवा में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर रुमल के परिजनों ने जाम लगा दिया। मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे DSP निर्मल सिंह ने उनको समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब आधे घंटे बाद परिजन DSP के जांच सीआईए के हवाले करने और जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर जाम खोलने पर राजी हो गए।
दरअसल, बीती रात NH-152 पर बदमाशों ने रास्ता रोककर रुमल की चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। इस हमले में उसकी आतें और लीवर बाहर आ गए। मर्डर के बाद आरोपी बाइक पर फरार हो गए। घटना करीब रात 10 बजे की है। मृतक की पहचान रुमल (32) निवासी मलिकपुर के रूप में हुई। रुमल पिहोवा की अनाज मंडी में आढ़ती के पास दुकान में काम करता था। रुमल अपने पीछे पत्नी सुकन्या, बेटी गुरप्रीत (12), अमीरा (9), निशु (6) और बेटे ईशान (4) को छोड़ गया। रुमल अपने परिवार का इकलौता सहारा था। रुमल के सहारे ही परिवार का पालन हो रहा था।
खाना लेकर लौट रहा था मंडी
सौरव निवासी मलिकपुर ने बताया कि बीती रात करीब 10 बजे उसके चाचा रुमल के साथी राम विश्वास निवासी सीतामढ़ी बिहार का फोन आया था। उसने बतलाया कि वह और रुमल बाइक पर खाना लेने के लिए मोटर मार्केट पिहोवा गए थे। खाना लेकर अनाज मंडी में दोबारा अपने काम पर लौट रहे थे।
रास्ता रोक कर किया हमला
जैसे ही वे दोनों हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर भट्ट माजरा और टीकरी गांव के बीच में संधु फॉर्म पहुंचे तो उसी समय पिहोवा की तरफ से बाइक पर आए 4 युवकों ने कट मारकर उनका उनका रास्ता रोक लिया। जब तक वे कुछ समझते बाइक से 2 युवक नीचे उतरे और उनमें से एक ने रुमल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
लीवर और आतें आई बाहर
उस युवक ने रुमल पर 4 बार वार किया। इसमें 2 चाकू रुमल की बाजू पर लगे और 2 वार पेट में किए। पेट में चाकू लगते ही रुमल की आतें और लीवर बाहर गए और रुमल नीचे गिर गया। आरोपी अपनी बाइक पर फरार हो गए। उसने राहगीरों की मदद से रुमल को पिहोवा के प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने रुमल की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
उधर, डीएसपी निर्मल सिंह ने बताया कि देर रात ही सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने सौरव के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
रीढ़ की हड्डी से टकराया चाकू
फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि मृतक की बाजू और पेट पर चाकू से कुल 4 वार किए गएमें हैं। एक वार उसके पेट से आरपार होकर रीढ़ की हड्डी से टकराया, जिससे उसकी आंतें और लीवर बाहर निकल गया। इससे रुमल की मौत हो गई।