आप भी जा रहे वर्क वीजा पर विदेश तो हो जाएं सावधान! कुरुक्षेत्र का युवक जेल में रहने के बाद हुआ डिपोर्ट, पढे़ं पूरी खबर
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 01:08 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के एक युवक को एजेंट द्वारा वर्क वीजा का झांसा देकर गलत दस्तावेजों पर इंग्लैंड भेजने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंट ने युवक के परिवार से करीब 18 लाख रुपये भी ठग लिए। इंग्लैंड पहुंचते ही युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और दो महीने जेल में रखने के बाद उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया।
मामले में राजबीर सिंह निवासी गांव मंगौली जाटान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी एजेंट दर्शन लाल ने उसके साले सतप्रकाश के बेटे मोहित को इंग्लैंड में वर्क परमिट पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। दिसंबर 2023 में उन्होंने मोहित का पासपोर्ट और एक लाख रुपये नकद एजेंट को दे दिए थे। इसके बाद लाडवा में 50 हजार रुपये और दिए गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ समय बाद एजेंट ने फोन कर बताया कि मोहित इंग्लैंड पहुंच गया है और बाकी पैसे जमा करवाने को कहा। इस पर परिवार ने करीब 16.50 लाख रुपये और नकद दे दिए। लेकिन बाद में पता चला कि आरोपी ने मोहित को वर्क वीजा की बजाय सीडीसी (सीमेन डॉक्यूमेंट सर्टिफिकेट) पर भेजा था, जो जहाजों पर काम करने के लिए होता है। इंग्लैंड के एयरपोर्ट पर उतरते ही अधिकारियों ने मोहित को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया। करीब दो महीने बाद उसे डिपोर्ट कर भारत वापस भेज दिया गया।
पीड़ित परिवार ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने अप्रैल 2025 में 18 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन वह बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी ने कार्रवाई के डर से 6 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि बाकी पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी एजेंट के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)