निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूर की संदिग्ध मौत, लिफ्ट की शाफ्ट में मिला शव
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 08:57 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-99ए स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले 34 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव सुबह लिफ्ट के लिए बनाई गई शाफ्ट में मिला। परिजनों ने बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सेक्टर-93 चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान प्रभाकर (34) के रूप में हुई है। वह बिजनौर जिले के जालपुर गांव का रहने वाला था और दो दिन पहले ही गांव से गुरुग्राम काम करने आया था। वह ठेकेदार के तहत सेक्टर-99ए की निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करता था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के अनुसार, प्रभाकर रात में बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर सो रहा था। सुबह साथी मजदूरों ने उसे लिफ्ट की शाफ्ट में मृत पड़ा देखा। उसके माथे पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि नींद में या शौच के लिए उठने के दौरान वह गलती से शाफ्ट में गिर गया। घटना के बाद साइट पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल संदिग्ध मौत की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और बिल्डर व ठेकेदार से भी पूछताछ की जाएगी।