लॉकडाउन: 3 माह से मुम्बई में फंसी रोहतक की सीए बहू, पीएम व सीएम से लगाई घर भेजने की गुहार

punjabkesari.in Monday, May 04, 2020 - 04:44 PM (IST)

रोहतक :  महाराष्ट्र के हॉट स्पॉट एरिया मुंबई के कांदिवली में रोहतक की बहू पिछले 3 महीने से फंसी हुई है। सीए की पढ़ाई करने के लिए फरवरी में मुंबई गई नम्रता वर्मा अब तक दो बार ऑनलाइन मंजूरी के लिए अप्लाई कर चुकी है, लेकिन उसे मुंबई से रोहतक आने का मूवमेंट पास नहीं मिल पाया है। इसके चलते परेशान होकर नम्रता वर्मा ने ट्विटर के जरिए पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम महाराष्ट्र और सीएम हरियाणा मनोहर लाल से मदद की गुहार लगाई है। मूल रूप से गुजरात के जामनगर की रहने वाली नम्रता वर्मा की शादी जनवरी 2019 में रोहतक के बाबरा मोहल्ला में मोहित वत्स के साथ हुई थी। शादी के बाद से चार्टर्ड अकाउंटेंट की पढ़ाई कर रही नम्रता वर्मा फरवरी में कोचिंग क्लासेज के लिए कांदिवली में गई थी। 

लॉकडाउन के कारण कैंसिल हुई ट्रेन और प्लेन की रिजर्वेशन
मुम्बई में नम्रता की क्लास मार्च में पूरी होनी थी, इसके लिए उसने दो बार रेल रिजर्वेशन भी कराया। पहला एक मार्च के लिए और दूसरा 15 मार्च के लिए, लेकिन लॉकडाउन होने के चलते दोनों बार उसकी रेल रिजर्वेशन कैंसिल हो गई। इसके बाद नम्रता ने एयर इंडिया के जरिए 4 अप्रैल की फ्लाइट भी बुक की। अब लगातार मुंबई हॉट स्पॉट बनता जा रहा है। ऐसे में नम्रता की चिंता भी बढ़ रही है और वह मुंबई से निकलकर अपने घर अपने परिजनों के पास आना चाहती है। इसी के चलते नम्रता ने टविटर के जरिए सरकार से मदद की गुहार लगाई है। 

पीजी में खाना तक नहीं बनाने दे रहे
नम्रता ने फोन पर बातचीत में बताया कि मुंबई में रहने के दौरान सबसे बड़ी समस्या खाने-पीने की सामग्री को लेकर बनी हुई है। यहां पर पीजी में उन्हें खाना बनाने की अनुमति तक नहीं है। हर बार बाहर से ही खाना खरीद कर लाना पड़ता है। बाहर जाने के दौरान लॉकडाउन की सख्ती भी काफी है, क्योंकि रेड जोन में आसानी से मूवमेंट नहीं की जा सकती।

मुंबई पुलिस से भी साधा संपर्क
नम्रता बताती है कि मुंबई में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए उन्होंने कांदिवली में थाने में जाकर पुलिस से संपर्क भी किया कि उसे रोहतक के लिए मूवमेंट पास दिया जाए। रोहतक में रह रहे नम्रता के पति मोहित ने भी ऑनलाइन तरीके से मुंबई से नम्रता को लाने का आवेदन किया, लेकिन जैसे ही ऑनलाइन एप्लीकेशन फाइल हुई तो वहां भी यही समस्या बनी और अनुमति अटक गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Manisha rana

Recommended News

Related News

static