गोहाना में सोनीपत रोड पर बड़ा हादसा, आधा दर्जन वाहन आपस में टकराए... मौके पर मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 04:58 PM (IST)
गोहाना ( सुनील जिंदल ) : गोहाना में सोनीपत रोड पर गांव बड़ौत के पास भयानक हादसा हो गया है। यहां आधा दर्जन गाड़ियां आपस में टकरा गई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

निर्जला एकादशी के अवसर पर गांव बड़ौत के पास सड़क किनारे श्रद्धालुओं द्वारा राहगीरों के लिए मीठे पानी की छबील लगाई गई थी। सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी हुई थी। इसी दौरान सोनीपत की तरफ से आ रही एक क्रूजर गाड़ी ने आगे चल रहे वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। जिस कारण एक साथ आधा दर्जन भर आपस में गाड़ियां टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहली टक्कर के बाद पीछे आ रहे वाहन संभल नहीं पाए और एक के बाद एक करीब आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि गनीमत रही कि कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।