कैथल में 2 आरोपियों का एनकाउंटर, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल...चंडीगढ़ के चर्चित चरणप्रीत हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 03:50 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : चंडीगढ़ के चर्चित चरणप्रीत हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को पकड़ने गई पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की टीम पर कैथल के गांव चौशाला में फायरिंग हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने मौके से काबू कर लिया।

पुलिस के अनुसार AGTF को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड में शामिल आरोपी कैथल के चौशाला गांव के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद टीम ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान निवासी फिरोजपुर और प्रीतम शाह निवासी नवांशहर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी राजन उर्फ पीयूष पहलवान कुछ समय पहले मलेशिया से नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था।

मौके से बाइक और हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियार बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों और गैंग नेटवर्क के बारे में अहम खुलासे हो सकते हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)    

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static