सोनीपत में पहचान छिपा बुना प्यार का जाल, ‘अमित’ बन हिंदू युवती को फंसाया, अब पहुंचा सलाखों के पीछे

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 12:45 PM (IST)

सोनीपत : शहर में एक युवती को झूठी पहचान बताकर प्रेमजाल में फंसाने, धर्म परिवर्तन करवाने और निकाह करने का मामला सामने आया है। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हरियाणा धर्म परिवर्तन निवारण अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने एस.आई.टी. का गठन कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में युवती के पिता ने आरोप लगाया कि सलमान नामक युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर खुद को 'अमित' बताया और उनकी बेटी से दोस्ती की। आरोप है कि विश्वास जीतने के बाद वह युवती को अपने साथ ले गया, उसका धर्म परिवर्तन करवाया और बिहार में एक मस्जिद में निकाह कर लिया।

15 जून को अचानक घर से लापता हो गई थी युवती  

परिजनों के अनुसार उनकी बेटी 15 जून को अचानक घर से लापता हो गई थी। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। बाद में परिवार को संदेह हुआ कि युवती के गायब होने के पीछे सलमान का हाथ है। इसके बाद मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई गई। 

परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने युवती को मानसिक रूप से प्रभावित कर उसकी सोच पर प्रभाव डाला और उसे घर छोड़ने के लिए प्रेरित किया। परिवार की शिकायत और पुलिस की सक्रियता के बीच आरोपी सलमान स्वयं युवती को लेकर कोट मोहल्ला पुलिस चौकी पहुंच गया। पुलिस ने युवती का मैडीकल परीक्षण करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। रक्षक दल के प्रमुख मंजीत तिहाड़ा ने दावा किया कि आरोपी ने युवती को बिहार ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने और निकाह करने की बात स्वीकार की है। हालांकि निकाह से संबंधित कोई दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच में पता चला है कि 27 वर्षीय आरोपी सलमान शहर के जटवाड़ा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। वह पहले से शादीशुदा है और 2 बच्चों का पिता बताया गया है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static