सेक्सटॉर्शन के नाम पर ठगी, नकली पुलिस अधिकारी बनकर धमकाया, वीडियो हटाने के नाम पर लिए पैसे
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 01:00 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर क्राइम साउथ थाना पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के नाम ठगी करने वालों को सिमकार्ड देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नकली पुलिस अधिकारी बनकर पीडि़त को धमकाया था और वीडियो हटाने के नाम पर 30 हजार रुपए लिए थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, साइबर क्राइम साउथ थाना पुलिस में एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 16 अक्टूबर 2025 को उसके पास एक वीडियो कॉल आई। कॉल उठाते ही दूसरी तरफ एक अज्ञात लडक़ी बिना कपड़ों के बात करने लगी। उसने तुरंत फोन काट दिया। इसके बाद 17 अक्टूबर को उसके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर कहा कि उसके खिलाफ मुंबई थाने में शिकायत दर्ज हुई है और उसकी अश्लील वीडियो यूट्यूब पर अपलोड कर दी गई है। आरोपी ने वीडियो हटवाने के लिए यूट्यूब केयर का नंबर देकर संपर्क करने को कहा। उस नंबर पर बात करने पर ठगों ने कहा कि उनके पास उसकी अश्लील वीडियो है, जिसे यूट्यूब पर पोस्ट कर दिया जाएगा। वीडियो हटाने के नाम पर उससे करीब 30 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
साइबर क्राइम साउथ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को काबू कर लिया। जिसकी पहचान जुबेर, निवासी गांव सिंगार जिला नूंह के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल सिमकार्ड इसी आरोपी ने साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसके बदले उसे 1 हजार रुपए मिले थे।