ब्लैकमेल कर होटल में ले जाकर किया युवती से रेप, धर्म परिवर्तन के दस्तावेज साइन कराने का आरोप
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 07:43 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): सेक्टर-5 थाना एरिया में 30 वर्षीय युवती से ब्लैकमेल कर होटल में ले जाकर रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे 9वीं कक्षा से परेशान कर रहा था। वहीं युवक पर धर्म परिवर्तन के कागजों पर जबरन साइन कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि जब वह एक पब्लिक स्कूल की नवीं कक्षा की छात्रा थी तो 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला मोहम्मद दानिश उसे रास्ते में रोककर दोस्ती के लिए दबाव बनाता था। वहीं दोस्ती नहीं करने पर बदनाम करने व जान से मारने की धमकी देता। छात्रा के माता-पिता की शिकायत पर स्कूल टीचर ने दानिश को डांटा और चेतावनी दी थी। बाद वर्ष 2017-2018 में एमएससी करने के बाद युवती दिल्ली में नेट की कोचिंग के लिए पीजी में रहने लगी। आरोप है कि दानिश वहां भी पीछा करने लगा। 2020-2021 में वह युवती को बहला-फुसलाकर गुड़गांव के सेक्टर-14 स्थित होटल ले गया और वहां शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में कहा गया है कि 6 अप्रैल 2021 को दानिश उसे कड़कड़ड़ूमा कोर्ट दिल्ली के बाहर ले गया और उर्दू में लिखे दस्तावेजों पर जबरन साइन कराए। इनमें धर्म परिवर्तन और शादी के दस्तावेज थे।
आरोप है कि इसके दूसरे दिन 7 अप्रैल को ही शादी की बात कहकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 16 दिसंबर 2022 को युवती अपने घर वापस आ गई। दानिश उसे और परिवार को धमकी दे रहा है, और युवती के फोटो का मिसयूज कर रहा है। जहां भी युवती की शादी की बात चलती है वहां जाकर रिश्ता तुड़वा देता है। इसके बाद 21 मई 2026 को युवती ने अपने पिता को लेकर सेक्टर-5 थाना में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कार्रवाई शुरु कर दी है।