MCG Bill अपडेट करवाने के नाम पर लाखों की ठगी, APK फाइल भेजकर किया था मोबाइल हैक
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 07:10 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): नगर निगम गुड़गांव का प्रॉपर्टी टैक्स बिल अपडेट करवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने ठगी करने के लिए खुद को MCG का कर्मचारी बताया और बिल करेक्शन के नाम पर APK फाइल भेजी और मोबाइल हैक कर वारदात को अंजाम दे दिया। साइबर थाना वेस्ट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी काे अलवर राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरबाज खान (उम्र-22 वर्ष) निवासी गांव चंदुकी, जिला अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। मामले में दो आरोपियों नरेंद्र लववंशी व वसीम फिरोज को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि मामले में शिकायतकर्ता से ठगी गई राशि से एक पेट्रो कार्ड रिचार्ज किया गया था जो आरोपी नरेंद्र के नाम था। आरोपी नरेंद्र ने यह पेट्रो कार्ड आरोपी वसीम को तथा वसीम ने आरोपी अरबाज को बेचा था। आरोपी अरबाज खांन ने यह पेट्रो कार्ड 14 हजार रुपए में साइबर ठगी करने वाले आरोपियों को उपलब्ध कराया था।
आपको बता दें कि 28 जून 2025 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर वेस्ट को एक शिकायत के माध्यम से बतलाया कि MCG Bill अपडेट करवाने के नाम पर उसे एक APK फाइल का लिंक भेज कर इसके क्रेडिट कार्ड व डेबिट कार्ड की जानकारी प्राप्त कर इसके साथ 3,04,689 रुपए की साइबर ठगी की गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।