संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबा युवक, ढाई किलोमीटर दूर मिला शव

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 07:18 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): कालियावास गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक सोमवार शाम से लापता था, जिसका शव मंगलवार शाम को घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर नहर से बरामद किया गया। मृतक के परिवार ने दो लोगों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

मृतक की पहचान 32 वर्षीय अशोक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के बड़ा गांव का रहने वाला था। अशोक पिछले कुछ समय से कालियावास गांव में रहकर मजदूरी का काम करता था। यहां गांव में उसके साथ उसका बेटा और भतीजा भी रहते हैं। परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम को अशोक काम पर न जाकर अपने दो साथियों के साथ नहर की तरफ गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की गई। मंगलवार शाम को उसका शव नहर में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने जब अशोक के उन दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को उन तीनों ने एक साथ बैठकर नहर के पास शराब पी थी। साथियों का दावा है कि शराब पीने के बाद वे दोनों वहां से चले गए थे और उसके बाद अशोक के साथ क्या हुआ, उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।

 

फर्रुखनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static