संत कबीर कुटीर में सीएम ने कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के साथ मनाई दिवाली, प्रदेश वासियों को दी शुभकामनाएं
punjabkesari.in Saturday, Nov 11, 2023 - 04:40 PM (IST)
चंडीगढ़(चंद्र शेखर धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास संत कबीर कुटीर में कार्यरत कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया। कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने भी मुख्यमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सभी कर्मियों को दीपों के इस पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव सभी के जीवन में नया प्रकाश और सुख समृद्धि लेकर आए। हमारा प्रदेश सदा भारत के मानचित्र पर अपनी चमक बिखेरता रहे। उन्होंने कहा कि त्यौहारों का यह सीजन अपने साथ एक नई उमंग व खुशियां लेकर आता है। इस समय मन में निराशा, अवसाद के भावों को दूर करके नई आशा व उमंग का संचार करना चाहिए। दीपावली का त्यौहार हर व्यक्ति के जीवन में नया प्रकाश और सुख-समृद्धि लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने सभी कर्मियों को तोहफे भेंट कर उनके साथ खुशियां सांझा की। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर, एडीजीपी सीआईडी श्री आलोक मित्तल, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भूपेश्वर दयाल सहित मुख्यमंत्री आवास के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री प्रदेश व देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश व देशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी और कामना की कि दीपों का यह पर्व सभी के लिए सुख, समृद्धि एवं सम्पन्नता लेकर आए। दिवाली की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रकाश पर्व खुशी और समृद्धि, बुराई पर अच्छाई की जीत तथा अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से प्रदूषण मुक्त तरीके से त्यौहार मनाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली का यह त्यौहार भगवान श्री राम की लंका पर विजय हासिल कर अयोध्या लौटने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। यह त्यौहार भगवान श्री राम के उच्च आदर्शों की स्मृति कराता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे भगवान श्री राम के आदर्शों पर चलते हुए समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर करने का संकल्प लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष दीपावली का विशेष महत्व है, क्योंकि अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर तैयार हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे। यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण होगा।
मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा, विश्वकर्मा पूजन और भाई दूज की भी शुभकामनाएं दी। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा पूजन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा देवताओं के वास्तुकार माने गए हैं। इन्हें यांत्रिक विज्ञान तथा वास्तुकला का जनक कहा जाता है। मजदूर, मिस्त्री, कारीगर, शिल्पकार वर्ग गोवर्धन पूजा के दिन मशीनों औजारों आदि की साफ सफाई करते हैं, पूजा करते हैं और श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया जाता है।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)