हजारों किलो में से 40 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक ही जप्त कर पाया MCG

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 09:06 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सिंगल यूज प्लास्टिक को रोकने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से भले ही बड़े स्तर पर अभियान चलाने के दावे किए जा रहे हों, लेकिन यह दावे खानापूर्ति ही साबित हो रहे हैं। नगर निगम की टीम द्वारा कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है और सिंगल यूज प्लास्टिक सप्लाई करने वालों की बजाय छोटे दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है। बावजूद इसके भी दुकानों में मौजूद हजारों किलो सिंगल यूज प्लास्टिक में से आज नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम महज 40 किलो प्लास्टिक ही जब्त कर पाई। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

दरअसल, आज सदर बाजार क्षेत्र में नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) गुरुग्राम नॉर्थ की संयुक्त टीमों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और वितरण करने वाले लोगों के चालान किए गए।

 

एसडीओ आशीष गहलावत ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 40 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक सामान जब्त किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल नियम लागू करना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है। उन्होंने दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और स्थानीय लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी दी।

 

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लोगों को कपड़े और कागज के बैग जैसे पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक प्लास्टिक प्रतिबंध का पालन करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static