गांव बसई में MCG की कार्रवाई, पानी के 8 अवैध कनेक्शन काटे
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 08:49 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम द्वारा अवैध पानी कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव बसई में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत टीम ने क्षेत्र में निरीक्षण कर अवैध रूप से लिए गए पानी के कनेक्शनों की पहचान की और मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 8 अवैध कनेक्शनों को डिस्कनेक्ट किया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य जल संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना और वैध कनेक्शनों को बढ़ावा देना है। अवैध कनेक्शन न केवल निगम को राजस्व हानि पहुंचाते हैं, बल्कि पानी की आपूर्ति व्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध जल कनेक्शन न लें और केवल अधिकृत व वैध कनेक्शन ही प्राप्त करें। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। नगर निगम गुरुग्राम जल संसाधनों के संरक्षण और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों के सहयोग से ही इस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।