Nuh Crime : साइबर ठगी करने वाले मास्टरमाइंड समेत 8 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 04:59 PM (IST)

 नूंह (अनिल मोहनिया) : साइबर अपराध के विरुद्ध नूंह पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 8 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन एवं 20 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं । गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न साइबर धोखाधड़ी मामलों में मुकदमें दर्ज हैं।

वाईवीआर शशि शेखर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूंह ने प्रैसवार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन के निर्देशानुसार जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि नूंह साइबर थाने में दर्ज एफआईआर के मामलें में पुलिस ने वादिल पुत्र सरफू निवासी पचगांव, थाना सदर तावड़ू को गिरफ्तार किया। आरोपी सोशल मीडिया पर कुत्ते के बच्चों की बिक्री के फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से धोखाधड़ी करता था। आरोपी से 2 मोबाइल फोन और 1 सिम कार्ड बरामद किया गया।

वहीं दूसरे मामले में ऑनलाइन धोखाधड़ी कर लोगों से रकम ऐंठने वाले साकिर पुत्र इलियास और अजरुद्दीन पुत्र इशाक निवासी बिछौर को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से 2 मोबाइल फोन और 3 सिम कार्ड बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामलें में गिरफ्तार मोमिन पुत्र मुख्तियार निवासी आमका और मोहिन पुत्र मुबारिक निवासी सिरोली फर्जी सिम कार्ड एवं मोबाइल फोन का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। यह आरोपी पहचान छिपाकर भ्रामक संदेश भेजते और साइबर अपराध को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड बरामद किए। 

इसी प्रकार गिरफ्तार मुशर्रफ पुत्र सम्मी खान निवासी गामड़ी जिला भरतपुर राजस्थान साइबर अपराधियों को सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों एवं पुलिस इनपुट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। 

इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक और मामलें में पुलिस ने आबिद और जाबिद पुत्र इब्राहिम निवासी लुहिंगा खुर्द झुड़ा थाना सदर पुन्हाना को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 5 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस इनके साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी अपराध जांच शाखा नूंह, थाना सदर पुन्हाना, सीआईए एवं एएनसी स्टाफ तावड़ू, सीएस एवं पीओ स्टाफ पुन्हाना तथा थाना साइबर क्राइम नूंह की टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गई है । 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूंह ने बताया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध जिले में विशेष अभियान लगातार जारी है तथा आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी विज्ञापनों, संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड से सावधान रहें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।
 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static