प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग में दी जा रही थी शराब, MCG ने G-Town Wines का काट दिया चालान

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 07:17 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर पार्क स्थित जी टाउन वाइंस पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक बैग के उपयोग का मामला सामने आने पर नगर निगम की टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान पर 10,000 रुपए का जुर्माना लगाया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

नगर निगम की टीम द्वारा क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग की जांच के दौरान जी टाउन वाइंस में प्लास्टिक बैग का उपयोग पाए जाने पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। निगम द्वारा लगाया गया 10,000 रुपए का जुर्माना प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई का हिस्सा है। नगर निगम ने बाजारों, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग का उपयोग न करें। इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल एवं पुन: उपयोग किए जा सकने वाले विकल्पों को अपनाने का आग्रह किया गया है।

 

निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार एमसीजी द्वारा शहर में प्लास्टिक के उपयोग की निगरानी एवं जांच का कार्य लगातार किया जा रहा है। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर नियमानुसार चालान एवं अन्य प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि नागरिकों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल गुरुग्राम के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static