बरसात में जलभराव के समाधान के लिए Whatsapp पर MCG ने किया Helpline नंबर जारी

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 05:15 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव संबंधी समस्याओं में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने विशेष हेल्पलाइन नंबर 9821395354 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर कॉल करने के साथ-साथ व्हाटसएप के माध्यम से भी जलभराव संबंधी सूचना दे सकते हैं। प्राप्त शिकायतों को मानसून मैनेजमेंट सेल (एमएमसी) के कॉल सेंटर से तत्काल संबंधित क्षेत्र की फील्ड टीम तक पहुंचाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

नगर निगम गुरुग्राम का मानसून मैनेजमेंट सेल सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे सक्रिय रहकर शहर में बारिश और जलभराव की स्थिति पर निगरानी कर रहा है। कॉल सेंटर में तैनात कर्मचारी नागरिकों से प्राप्त सूचनाओं, फील्ड टीमों की रिपोर्ट और विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

 

शिकायत मिलते ही संबंधित फील्ड टीम को भेजी जाती है सूचना

विशेष हेल्पलाइन नंबर पर जलभराव से संबंधित सूचना प्राप्त होते ही कॉल सेंटर कर्मचारी शिकायत का विवरण संबंधित क्षेत्र में तैनात फील्ड टीम के साथ साझा करते हैं। संबंधित टीम कार्रवाई के लिए तुरंत ही सक्रिय हो जाती है। नगर निगम द्वारा मानसून के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में फील्ड टीमें, इंजीनियरिंग स्टाफ और आवश्यक मशीनरी तैनात की गई है। कॉल सेंटर और फील्ड टीमों के बीच निरंतर समन्वय के माध्यम से शिकायत वाले स्थानों पर सहायता उपलब्ध कराने और जलनिकासी व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु करने पर फोकस किया जा रहा है।

 

कॉल के साथ व्हाट्सएप पर भी भेज सकते हैं लोकेशन और जानकारी

विशेष हेल्पलाइन नंबर 9821395354 पर नागरिक कॉल के साथ व्हाट्सएप के माध्यम से भी अपनी शिकायत भेज सकते हैं। नागरिक जलभराव वाले स्थान की सही लोकेशन और समस्या का संक्षिप्त विवरण साझा करके टीम को मौके तक जल्द पहुंचने में सहयोग कर सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य सूचना प्राप्त होने और फील्ड कार्रवाई के बीच समन्वय को अधिक तेज और प्रभावी बनाना है, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

 

सीसीटीवी कैमरों से भी हो रही धरातल की निगरानी

मानसून मैनेजमेंट सेल केवल शिकायतों के आधार पर ही नहीं, बल्कि शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहा है। बारिश शुरू होने के साथ ही कॉल सेंटर में तैनात कर्मचारी अलर्ट मोड में आ जाते हैं और संवेदनशील स्थानों की स्थिति पर नजर रखते हैं। किसी स्थान पर जलभराव की स्थिति दिखाई देने या फील्ड से सूचना प्राप्त होने पर संबंधित टीमों के साथ समन्वय स्थापित किया जाता है। इससे मानसून प्रबंधन को अधिक सक्रिय और परिणाम आधारित बनाने में मदद मिल रही है।

 

अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने किया एमएमसी कॉल सेंटर का निरीक्षण

 नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने मानसून मैनेजमेंट सेल के कॉल सेंटर का दौरा किया। उन्होंने कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, शिकायत प्राप्त होने से लेकर फील्ड टीम तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया तथा शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक जलभराव संबंधी सूचना को गंभीरता से लिया जाए तथा संबंधित फील्ड टीम के साथ तत्काल समन्वय स्थापित किया जाए। शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी नियमित रूप से अपडेट रखी जाए, ताकि शिकायत निवारण की पूरी प्रक्रिया प्रभावी और जवाबदेह बनी रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static