जनता को मनोहर लाल का नेतृत्व पसंद है, इसलिए वह भजपा को वोट देगें: मंत्री मूलचन्द शर्मा

punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2023 - 07:21 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्र शेखर धरनी): कांग्रेस कितनी भी उत्साहित हो, इनके उत्साहित होने से नहीं बल्कि जनता को इनकी ओर उत्साहित होने की जरूरत है। यह बात प्रदेश के परिवहन एवं खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मंगलवार को कही।  उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस तो 2014 और 2019 में भी खूब उत्साहित थी, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी। अब भी कोई कल्पना नहीं कर सकता कि तीसरी बार भी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ही बनेंगे। लोग भाजपा को वोट देने जा रहे हैं। लोगों को मनोहर लाल का नेतृत्व पसंद है। इसलिए जनता आज पूरी तरह से उत्साहित है। जनता वोट डालेगी।

इसके साथ परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी। क्योंकि जिस प्रकार से हरियाणा में कांग्रेस राज के दौरान हालात थे, हर विभाग में लूट मची थी, किसान, व्यापारी, कर्मचारी, कहीं विकास, कहीं जातिवाद के नाम पर लूट की जा रही थी। उन हालातों को जनता नहीं भूली और सभी के मन में वही पीड़ा आज भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र जैसे पोर्टल बंद करने की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी लूट चाहती है, जिन पोर्टलों में सुधार की गुंजाइश थी, वह सुधार हुए हैं। कमियों को दूर किया गया है, पोर्टलों से भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है, इसलिए कांग्रेस को यह चुभ रहा है।

जल्द 550 इलेक्ट्रिकल बसें बेडे में होंगी शामिल :शर्मा

परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि जल्द प्रदेश के बेड़े में नई बसें शामिल होने जा रही हैं। आज सभी बसें एनजीटी के तहत चल रही हैं। सभी मानकों को पूरा कर हरियाणा की बसें जनता को सुविधा दे रही हैं। जल्द इलेक्ट्रिकल बसें बेड़े में शामिल होंगी और सभी बस स्टैंड पर चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, ऐसी 550 बसें शामिल होने जा रही हैं।

द्वापर-त्रेता युग से नाम भारत वर्ष था और आगे भी  रहेगा: शर्मा

भारत-इंडिया पर छिड़ी बहस के मुद्दे पर बोलते हुए परिवहन खनन मंत्री ने कहा कि द्वापर-त्रेता युग से भारत वर्ष था। सदियों से भारत ही रहा है और आगे भी भारत ही रहेगा। इसलिए इस विषय पर ज्यादा बहस और बोलने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। क्योंकि यह देश हित से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र- एक चुनाव को लेकर एक कमेटी बनाई गई है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर निर्णय देश प्रदेश और आम व्यक्ति के हित में होता है।  इसलिए जो भी पॉलिसी बनाई गई वह अवश्य ही लाभकारी होगी।

सत्ता के भूखे कांग्रेसी कुर्सी पर बैठकर देश-प्रदेश को लूटना चाहते हैं: शर्मा

कांग्रेस में फैली आपसी फूट पर बोलते हुए मूलचंद शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस मुक्त भारत की ओर एक इशारा है। पहले भी यही काम देश की जनता ने किया। इनकी लड़ाई किसी ओर से नहीं बल्कि आपसी है। यह सत्ता के भूखे लोग हैं। कुर्सी पर बैठकर देश-प्रदेश को लूटना चाहते हैं। कांग्रेस ने जिस प्रकार से देश को लूटा, यह जनता ने खूब देखा है और जनता आगे भी जानती है कि यह लोग क्या करेंगे। परिवारवाद-जातिवाद-क्षेत्रवाद और अपनावाद से लोग मुक्ति चाहते हैं। इसलिए भारतीय जनता पार्टी को लोग वोट देंगे।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भीबस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)  

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Saurabh Pal

Related News

static