परिवार को टक्कर मारने के बाद पांच साल के मासूम के सिर को कुचला चला गया कैंटर, मौत
punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 10:12 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बिनौला के पास ढाणी शंकरवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात लाल रंग के कैंटर ने पैदल जा रहे एक परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्चे के सिर के ऊपर से कैंटर का पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी अतुल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुग्राम एक निजी कंपनी में काम करते है। शुक्रवार शाम को साढ़े सात बजे अतुल अपनी पत्नी कीर्ति, छह वर्षीय बेटी कृतिका और पांच वर्षीय बेटे मोक्षित के साथ बिनौला बाजार से घरेलू सामान खरीदकर अपने किराये के कमरे पर लौट रहे थे। जैसे ही परिवार पैदल-पैदल बलराम बिल्डिंग के पास पहुंचा, तभी ढाणी शंकर की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित लाल रंग के कैंटर ने पीछे से पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही अतुल कुमार सड़क पर जा गिरे, जिससे उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई। वहीं, दर्दनाक हादसे में कैंटर मासूम मोक्षित के सिर को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के तुरंत बाद चालक कैंटर सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायल पिता और लहूलुहान बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल मानेसर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच वर्षीय मोक्षित को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात लाल रंग के कैंटर और उसके चालक की पहचान की जा सके।