बदमाशों ने STF की गाड़ी को मारी टक्कर, मारपीट के साथ गाड़ियों के शीशे तोड़, फायरिंग कर हुए फरार

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 07:42 AM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की सेंट्रल यूनिट को सोहना एलिवेटेड रोड पर भोंडसी मोड़ के नजदीक उस वक्त जान बचाना भारी पड़ गया जब तीन गाड़ियों को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। तीन गाड़ियों में सवार युवकों ने न केवल एसटीएफ की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी बल्कि इन लोगों ने एसटीएफ की टीम पर हमला कर मारपीट की और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग भी कर दी और मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना भोंडसी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में एसटीएफ के दो जवान घायल हुए हैं जिनका इलाज कराया जा रहा है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ की सेंट्रल यूनिट में तैनात पीएसआई राजकुमार ने भोंडसी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात उन्हें सूचना मिली थी कि एक नामी बदमाश गुरुग्राम की तरफ से सोहना एलिवेटेड हाईवे होते हुए भोंडसी की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे भोंडसी कट पर विशेष नाकेबंदी की थी। रात करीब दस बजे तीन अलग-अलग कारों में 10 से 12 युवक पहुंचे। संदिग्ध लगने पर जब टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, तो चालकों ने गाड़ियां रोकने के बजाय उनकी गति बढ़ा दी और नाके पर खड़ी एसटीएफ की गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाशों ने उतरकर सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की और टीम पर गोलियां चला दी। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। इसके बाद एसटीएफ टीम ने भी बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।

 

हमले में एसटीएफ के दो जवान घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भोंडसी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से गाड़ियों व बदमाशों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static