मां की साड़ी बनी झूला झूल रही किशोरी का फंदा, मौत
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 08:38 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-9 थाना एरिया के देवीलाल कॉलोनी में मां की साड़ी के साथ झूला झूल रही 13 साल की किशोरी का साड़ी में गर्दन फंसने से मौत हो गई। किशोरी घर की दीवार पर लगी ग्रिल पर मां की साड़ी लटकाकर झूला बनाकर गोल-गोल घूम रही थी और साड़ी उसकी गर्दन में लिपट गई। दम घुटने से उसकी जान चली गई। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-9 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम करवाया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी अनुसार, बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले सुरेश कुमार अपने परिवार सहित गुडग़ांव के सेक्टर-9 थाना एरिया स्थित देवीलाल कॉलोनी में रहते हैं। वे यहां सिलाई का काम करते हैं। उनकी बड़ी बेटी 13 साल की रानी कुमारी अपनी दोनों बहनों के साथ रविवार शाम को घर में खेल रही थी। दूसरे कमरे में उनके माता-पिता थे। इसी दौरान रानी ने मां की साड़ी ली और दीवार की ग्रिल पर डालकर मजबूत झूला बना लिया। दोनों छोटी बहनें खुशी-खुशी ताली बजा रही थी और बड़ी बहन गोल-गोल घूम रही थी। झूलते वक्त साड़ी का एक छोर रानी की गर्दन में फंस गया और साड़ी कसती गई। दम घुटने के चलते रानी चीख भी नहीं सकी। जबकि उसकी दोनों बहने कुछ समझ ही नहीं पाई। जब झूला रुका और रानी ने कोई हरकत नहीं की तो उन्होंने परिजनों को आवाज दी। सुरेश अपनी पत्नी सहित पहुंचा तो रानी ग्रिल से लटकी हुई थी और साड़ी गर्दन में फंसी हुई। उन्होंने रानी को फंदे से छुड़ाया और सिविल अस्पताल ले गए। जहां चिक्तिसकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद सेक्टर-9 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। जिसमें मौत की वजह दम घुटना बताया गया। घर में अब सन्नाटा पसरा है। जहां कल तक तीन बहनों की हंसी गूंजती थी, वहां आज सिर्फ रोने की आवाजें आ रही हैं। जांच अधिकारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की ही बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।