दिनदिहाड़े घर में घुसे बदमाश, महिला पर हमला कर लूटपाट

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:46 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना शहर में एक बदमाश ने दिनदहाड़े घर में घुसकर विधवा महिला पर कांटेदार चक्रीनुमा हथियार से हमला कर घायल कर दिया। आरोपी महिला का मोबाइल, चांदी की पाजेब और नकदी लूटकर फरार हो गया। गंभीर हालत में महिला को पहले नलहड़ मेडिकल कॉलेज नूंह और फिर सफदरजंग अस्पताल दिल्ली रेफर किया गया। इलाज के बाद घर लौटने पर महिला ने पुलिस को शिकायत दी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और कार्रवाई शुरु कर दी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी अनुसार, 50 वर्षीय ऊषा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक सोसाइटी में खाना बनाने का काम करती हैं। उनके पति का 25-30 साल पहले निधन हो चुका है। तीनों बेटियां शादीशुदा हैं और वह घर में अकेली रहती हैं। 14 मई को दोपहर करीब 12:30 बजे वह गुडग़ांव कोर्ट से वकील से मिलकर लौटी थीं। जैसे ही मेन गेट का ताला खोलकर घर में घुसीं, अंदर एक नौजवान लडक़ा दिखा। पूछने पर आरोपी ने उससे जेवरात मांगे और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने मना किया तो आरोपी ने हाथ में लिए लोहे के कांटेदार चक्रीनुमा हथियार से महिला के सिर पर 3-4 वार किए। सिर से खून बहने पर वह चिल्लाईं तो आरोपी मोबाइल, चांदी की पाजेब और कुछ पैसे छीनकर भाग गया। शोर सुनकर पड़ोसी भरत व अन्य लोग पहुंचे और ऊषा को सरकारी अस्पताल सोहना ले गए। वहां से नलहड़ मेडिकल कॉलेज नूंह रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सफदरजंग अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया। 15 मई को डिस्चार्ज होने पर वह घर लौटी।

 

सूचना मिलते ही चौकी फव्वारा चौक सोहना के एसआई सतीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर काफी खून बिखरा मिला। फिंगर प्रिंट टीम, डॉग स्क्वायड और सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर फिंगर प्रिंट उठाए और ई-साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static