Flipkart वेयरहाउस की गाड़ी से लाखों के मोबाइल चोरी

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 06:40 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): जेकेएस फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में सामान सप्लाई करने आई एक गाड़ी से लाखों रुपये के मोबाइल फोन और कीमती सामान चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप गाड़ी के चालक और उसके साथी पर लगा है, जो वारदात के बाद से ही फरार हैं। पुलिस ने बिलासपुर थाने में मामला कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस को दी गई शिकायत में ध्रुव रोड करियर्स के ट्रैकिंग ऑपरेशन इंचार्ज करन भदौरिया ने बताया कि उनकी कंपनी के जरिए विभिन्न मालिकों की गाड़ियां चलती हैं। गत 30 सितंबर 2025 को गाड़ी भिवंडी महाराष्ट्र से कीमती सामान लोड करके बिलासपुर स्थित फ्लिपकार्ट वेयरहाउस के लिए रवाना हुई थी। गाड़ी पर चालक आमिर खान और उसका एक साथी सवार थे।

 

गाड़ी 2 अक्टूबर को वेयरहाउस पहुंच गई थी, जिसे खाली होने के लिए खड़ा कर चालक वहां से चला गया। कुछ दिन बाद जब कंपनी के मैनेजर ने सामान की इन्वेंट्री चेक की, तो उनके होश उड़ गए। गाड़ी से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान गायब था। गायब हुए सामान की कुल कीमत करीब 27 लाख 76 हजार 696 रुपये थी।  

 

जब कंपनी ने चालक आमिर खान से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह पूरी चोरी चालक आमिर खान और उसके साथी ने मिलकर अंजाम दी है। बिलासपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static