अमरिंदर सिंह आग लगाने का काम कर रहे हैं, उनका का यह बर्ताव ठीक नहीं: मूलचंद शर्मा

punjabkesari.in Tuesday, Sep 14, 2021 - 07:52 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा आंदोलन पंजाब की बजाए हरियाणा और दिल्ली में करने के बयान के बाद प्रदेश भाजपा पूरी तरह से आक्रामक रुख में नजर आ रही है। इस मामले में हरियाणा सरकार के परिवहन एवं खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने पंजाब मुख्यमंत्री पर तल्ख टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा है कि हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के सभी लोगों द्वारा पहले ही कहा गया था कि यह आंदोलन कांग्रेस का आंदोलन है। कांग्रेस के इशारे पर आंदोलनकारी काम कर रहे हैं और अमरिंदर सिंह के बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह आंदोलन को और भड़काना चाहते हैं। 

उन्होंने कहा कि आज हमारे प्रदेश के अधिकतर जिलों में व्यापार पूरी तरह से बंद है। जो लाखों लोग आज इस आंदोलन के कारण बेरोजगार हुए हैं। उनकी भरपाई आखिर कौन करेगा ? आज इस आंदोलन के इस स्थिति में पहुंचने का कारण कांग्रेस और पंजाब के मुख्यमंत्री हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री अपने किसानों के लिए किसी भी प्रकार की योजनाएं नहीं ला सके। किसानों की मांग को पूरा नहीं कर पाए। किसानों की फसलों को रेट नहीं दे पा रहे। किसानों की खरीद नहीं कर पा रहे। उसके बावजूद इस प्रकार के बयान देना बहुत निंदनीय काम है।

मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा पंजाब का छोटा भाई है। हरियाणा में किसान आंदोलन कांग्रेस का बनाया हुआ आंदोलन है। हरियाणा के किसान खेतों में लगे हुए हैं। तीनों कानूनों के बारे में और कांग्रेस की रीति नीति के बारे में किसान भली-भांति जान चुका है। सबकी समझ में आ रहा है कि यह चाहे पंजाब के कांग्रेस का हो या फिर हरियाणा की कांग्रेस का, लेकिन यह तय है कि कांग्रेस का ही आंदोलन है। आज फसलों का दिया गया मूल्य एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। केंद्र सरकार बार-बार किसानों से अपील कर रही है कि रास्ता रोकने से काम नहीं चलेगा। बात करने से ही समाधान निकलेगा। साथ ही मैं कांग्रेस के लोगों से कहना चाहता हूं कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। इसलिए उन्हें कह कर पानी दिलवा दो। आज मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, झज्जर जिले में खेतों की तो दूर की बात पीने तक का पानी नहीं है। अगर सच में किसानों से हमदर्दी है तो पंजाब से हरियाणा का हाथ दिलवा दो। अमरिंदर सिंह आग लगाने का काम कर रहे हैं। अमरिंदर सिंह का यह बर्ताव ठीक नहीं है। हरियाणा की पहचान पूरे देश में है। 

उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में धीरे धीरे राजनीतिक लोग घुस चुके हैं। किसान अपने खेत में काम कर रहा है। किसान संतुष्ट है। क्योंकि उसे दलहन, चावल, गेहूं, गन्ने का बेहतर रेट मिल रहा है। जिससे वह खुश हैं। राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोग जो सत्ता चाहते हैं वह लोग किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर चलना चाहते हैं। आज की स्थिति के अनुसार हरियाणा में उद्योग धंधे फेल, बीच रास्ते किसी नेता के कपड़े फाड़ दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह कौन सा कानून है कि किसी के रास्ते रोक दो। किसी का मंच उखाड़ दो। एक हिसाब से हरियाणा के लोगों का इन्होंने किडनैप कर लिया है। यह कौन सी आजादी है। हमारा प्रदेश किडनैप है और दिल्ली के रास्ते सारे बंद पड़े हैं।

इसके साथ मूलचंद शर्मा ने कहा कि कोविड काल के दौरान सभी उद्योग जगत का बहुत भारी नुकसान हुआ है। रोडवेज का भी बहुत नुकसान हुआ। हम सोनीपत, बहादुरगढ़ से नहीं जा सकते। शर्मा ने कहा कि सोनीपत में हमारे माइनिंग का भी बेशुमार खर्च हुआ है। अगर सरकार कोरोना के कारण समय पर सहयोग न करती तो हम विभाग की तनख्वाह भी नहीं दे पाते। साथ ही शर्मा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा नई विधानसभा की मांग को सही ठहराते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा की नई विधानसभा के बारे में लिख कर दिया है। वह अवश्य बननी चाहिए। क्योंकि जगह बहुत है। विधानसभा परिसीमन में 90 से 126 सीटें हो जाएंगे जो कि आज भी जगह पूरी सूरी है। आज भी विधानसभा का ज्यादातर हिस्सा पंजाब के पास है। हमारे पास जगह बैठने तक के लिए व्यवस्था पूरी नहीं है। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static