फरीदाबाद में 1000 से ज्यादा शादियों पर संकट, प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर कार्रवाई की तैयारी में निगम

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:09 AM (IST)

फरीदाबाद : शहर में अप्रैल से शुरू होने वाले शादी सीजन पर बड़ा संकट मंडराता नजर आ रहा है। नगर निगम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स बकाया को लेकर शहर के 131 बैंक्वेट हॉल और मैरिज पैलेस पर कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है।

टैक्स बकाया पर सख्ती, 61 यूनिट पहले से सील

निगम द्वारा सभी संचालकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं होने पर सीलिंग की कार्रवाई तेज कर दी गई है। अब तक 61 यूनिट्स को सील किया जा चुका है, जिन पर करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। 

131 और मैरेज पैलेस को नोटिस

नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा के मुताबिक, लंबे समय से टैक्स नहीं जमा करने वाले बैंक्विट हॉल संचालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। नोटिस प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि 131 और बैक्विट हॉल को भी नोटिस दिया जा चुका है। अगर जल्द टैक्स जमा नहीं किया गया, तो उन पर भी कार्रवाई तय है। निगम की टीमें लगातार फील्ड में रहकर बकायेदारों की पहचान कर रही हैं।

अप्रैल की बुकिंग वालों की बढ़ी चिंता

इस कार्रवाई का सीधा असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जिन्होंने अप्रैल में होने वाली शादियों के लिए पहले से वैक्विट हॉल बुक कर रखे हैं। ऐसे में हॉल संचालकों की लापरवाही आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। निगम के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा बकाया एनआईटी जोन-11 में सामने आया है, जहां 35 यूनिट्स पर करीब 2.67 करोड़ रुपये बकाया है। इसके अलावा ओल्ड जोन-1 में 12 यूनिट्स पर 36 लाख रुपये और ओल्ड जोन-II में 14 यूनिट्स पर 15 लाख रुपये से ज्यादा की राशि लंबित है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static