हरियाणा में कल से शुरू होगा ''नौतपा'', मौसम विभाग ने 11 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 03:52 PM (IST)

डेस्क: हरियाणा में जेठ की तपिश अब जानलेवा होने लगी है। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और तेज धूप के साथ चल रही गर्म हवाएं बदन झुलसा रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो असली अग्निपरीक्षा कल से शुरू होने वाली है, क्योंकि कल से 'नौतपा' की शुरुआत हो रही है। नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान में भारी उछाल आने की पूरी आशंका है। डॉक्टरों ने इस दौरान डिहाइड्रेशन, चक्कर आने, उल्टी-दस्त और तेज बुखार जैसी दिक्कतों से बचने के लिए दोपहर के समय बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी है।

 
मौसम केंद्र ने राज्य के दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों में आज से ही लू का प्रकोप बढ़ने की बात कही है। जिन 11 जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है, उनमें महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, रेवाड़ी, भिवानी, हिसार, चरखी दादरी, झज्जर, सिरसा और फतेहाबाद शामिल हैं। इन इलाकों में सुबह 11 बजे के बाद से ही गर्म थपेड़े चलना शुरू हो जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे थोड़ी-थोड़ी देर में पानी, नींबू पानी या ओआरएस (ORS) का घोल पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

 

इस बार की रेकॉर्डतोड़ गर्मी का असर सिर्फ इंसानी शरीर पर ही नहीं, बल्कि जेब में रखे मोबाइल और दफ्तर के लैपटॉप पर भी साफ दिख रहा है। तेज तापमान के कारण स्मार्टफोन, लैपटॉप और पावर बैंक बहुत तेजी से ओवरहीट हो रहे हैं। मैकेनिकों और तकनीकी जानकारों के मुताबिक, अत्यधिक गर्मी की वजह से इन उपकरणों की बैटरी फूलने और डैमेज होने का खतरा बढ़ गया है। कई इलाकों से फोन की परफॉर्मेंस स्लो होने और डिवाइस के अचानक बंद होने की शिकायतें आ रही हैं, इसलिए गैजेट्स को सीधी धूप और बंद गाड़ियों में छोड़ने से बचें।
 

पिछले 24 घंटों की बात करें तो रोहतक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद, फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में भी पारा 44 डिग्री के आसपास मंडरा रहा है। हालांकि, कल कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और छिटपुट बूंदाबांदी से मामूली राहत जरूर मिली थी, लेकिन वह नाकाफी साबित हुई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, 27 मई तक मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा, जिससे गर्मी और बढ़ेगी। इसके बाद 28 और 29 मई को पश्चिमी विक्षोभ के असर से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की बारिश होगी, जिससे तपते हरियाणा को थोड़ी राहत मिल सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static