Golden Boy नीरज चोपड़ा ने जीता Ostrava Golden Spike का खिताब, जानें इस बार कितनी दूर फेंका भाला
punjabkesari.in Wednesday, Jun 25, 2025 - 07:48 AM (IST)

हरियाणा डेस्क : गोल्डन बॉय (Golden Boy) नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे दुनिया के सबसे बेहतरीन एथलीट्स में शामिल हैं। गोल्डन बॉय ने चेक गणराज्य में आयोजित ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक (Ostrava Golden Spike) में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने तीसरे राउंड में 85.29 मीटर का थ्रो किया, जिसको दूसरा एथलीट पार नहीं कर पाया। दक्षिण अफ्रीका के डोव स्मिट ने दूसरे राउंड में 84.12 मीटर का भाला फेंका, जो छह राउंड में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। वह दूसरे स्थान पर रहे। वहीं ग्रेनेडा के पीटर एंडर्सन ने 83.63 मीटर भाला फेंका। वह तीसरे स्थान पर रहे।
बता दें कि कुछ दिन पहले नीरज चोपड़ा ने जर्मनी के जूलियन वेबर को पछाड़ते हुए दो साल बाद अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीता। इससे पहले नीरज पेरिस डायमंड लीग में दो बार लगातार दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार चोपड़ा ने पहले राउंड में 88.16 मीटर का थ्रो फेंककर खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में 90 मीटर क्लब के पांच प्रतियोगी शामिल थे। उनका दूसरा थ्रो 85.10 मीटर का था और उन्होंने अगले तीन प्रयासों में फाउल किया। छठे और अंतिम प्रयास में उन्होंने 82.89 मीटर का थ्रो फेंका। वेबर ने अपने पहले थ्रो में 87.88 मीटर का थ्रो फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ब्राजील के लुइज मौरिसियो दा सिल्वा ने तीसरे राउंड में 86.62 मीटर का थ्रो फेंककर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)