पंचायतों के चुनाव-उपचुनाव के लिए इस तारीख तक तैयार होगी मतदाता सूची, यहां जानिए डिटेल
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 11:51 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा की पंचायतों में 540 रिक्त पदों के लिए उप और चार नव गठित पंचायतों में चुनाव कराने की तैयारी तेज हो गई है। 13 निकायों के साथ पंचायतों के चुनाव भी अप्रैल में हो सकते हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची तैयार करने के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। संबंधित जिलों में उपायुक्त 27 मार्च तक मतदाता सूची तैयार कराएंगे।
प्रदेश में नव गठित पंचायतों हिसार जिले की मंडी आदमपुर और जवाहर नगर के अलावा कैथल जिले की गोबिंदपुर व पोलर पंचायत में चुनाव होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने मतदाता सूची को तैयार करने के लिए विस्तृत कार्यक्रम तय कर दिया है। मतदाता सूची का वार्डवार ड्राफ्ट 28 फरवरी तक तैयार करना होगा। ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों, जिला परिषदों के सभी वार्डों की वार्डवार दावे-आपत्तियों को दो मार्च तक लिया जाएगा। 12 मार्च तक दावे-आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा और 16 मार्च तक जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील दायर कर सकेंगे। फिर 19 मार्च तक अपील का निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 27 मार्च को फाइनल मतदाता सूची जारी की जाएगी।
प्रदेश में दो जिला परिषद सदस्यों के रिक्त पद हैं। पंचायत समिति के 11, सरपंच के 32 और पंचों के 494 पद रिक्त हैं। पंचायत समिति के फतेहाबाद, हिसार, पानीपत, रेवाड़ी और चरखी दादरी में 1-1 पद रिक्त हैं। पानीपत और करनाल में जिला परिषद सदस्यों का एक-एक पद रिक्त है। सरपंच पद फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी में 1-1 पद रिक्त है। अंबाला, झज्जर, कैथल में 2-2 पद रिक्त हैं। भिवानी, फतेहाबाद और नूंह में 3-3 पद रिक्त हैं। सिरसा में सबसे अधिक 5 पद रिक्त हैं ।
जो शेष पद हैं वह पंचों के रिक्त हैं। अंबाला में 21, भिवानी में 30, चरखी दादरी में 20, फरीदाबाद में 5, फतेहाबाद में 28, गुरुग्राम में 10 हिसार में 28, झज्जर में 20 रिक्त पद हैं। इसके अलावा पंचों के जींद में 22, कैथल में 29, करनाल में 19, कुरुक्षेत्र में 23, नूंह में 33, नारनाैल में 14, पलवल में 21, पंचकूला में 23, पानीपत में 14, रेवाड़ी में 19, रोहतक में 11, सिरसा में 25, सोनीपत में 53, यमुनानगर में 27 रिक्त पद हैं।