चंडीगढ़ से नई दिल्ली ‘टी-18’ चलाने की मांग, 2.30 घंटे में सफर होगा पूरा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 20, 2019 - 11:12 AM (IST)

अम्बाला छावनी(हरिंद्रपाल): चंडीगढ़ से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सपै्रस की जगह अब टी-18 ट्रेन यानि वंदे भारत एक्सपै्रस चल सकती है। चंडीगढ़ सरकारी दौरे पर आए उत्तर रेलवे जी.एम. टी.पी. सिंह से अम्बाला डी.आर.एम. दिनेश चंद्र शर्मा ने अगले रैक की मांग की है। उम्मीद है कि जल्द ही इस मार्ग पर भी टी-18 ट्रेन का ट्रायल रन किया जाएगा। रेलवे की तरफ से आधुनिक सुविधाओं से लैस टी-18 ट्रेन को 17 फरवरी से नई दिल्ली-वाराणसी रूट पर शुरू किया गया है।

ट्रेन लगभग 9 घंटे में अपना सफर पूरा कर रही है, जहां पहले इस मार्ग पर चलने वाली ट्रेन 16 घंटे का समय लेती थी। इसी कड़ी में जल्द ही ट्रेन-18 का ट्रायल रन चंडीगढ़-नई दिल्ली के बीच हो सकता है। अम्बाला मंडल डी.आर.एम दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि उत्तर रेलवे जी.एम. टी.पी. सिंह चंडीगढ़ दौरे पर आए थे। उनके साथ विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों से संबंधित मंत्रणा हुई। इस दौरान उनसे मांग की गई कि चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच भी टी-18 ट्रेन का अगला रैक दिया जाए। डी.आर.एम. दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि अगर इस रूट पर टी-18 चलती है तो 244 किलोमीटर सफर को पूरा करने में लगभग 2.30 घंटे का समय लगेगा। मौजूदा समय में चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाले शताब्दी एक्सपै्रस ट्रेन नंबर 12046 में लगभग 3.30 घंटे का समय लगता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static