हरियाणा में इन 2 गांवों को मिलेगी नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात, हजारों ग्रामीणों को मिलेगी राहत
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 02:19 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। इसी कड़ी में, मुख्यमंत्री ने राज्य के दो अलग-अलग जिलों में नए स्वास्थ्य केंद्र खोलने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गांव खोरी कलां में एक उप-स्वास्थ्य केंद्र और गांव खटोदरा में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्थापित किया जाएगा। इन स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने से आस-पास के गांवों के हज़ारों लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इन केंद्रों के सक्रिय होने से न केवल इन संबंधित गांवों, बल्कि इनके आस-पास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को इलाज के लिए दूर के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और उप-स्वास्थ्य केंद्र खुलने से स्थानीय स्तर पर समय पर उपचार, टीकाकरण और आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध हो सकेगी। आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, और ये नए केंद्र इसी 'अंत्योदय' विजन का हिस्सा हैं।