सीमेंट के कट्टे में मिला नवजात, अस्पताल में कराया भर्ती
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 01:11 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): कलयुगी मां की हैवानियत का एक बड़ा मामला सामने आया है। मां ने अपने नवजात को सीमेंट के कट्टे में डालकर कूड़े के ढेर में फेंक दिया। पास से गुजर रहे लोगों ने जब बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया है। डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 93 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 6 फरवरी की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि डीएलएफ फेज-4 स्थित कैमरा म्यूजियो के पास एक नवजात को सीमेंट के कट्टे में डालकर किसी ने फेंका हुआ है। जब राहगीर यहां से गुजर रहे थे तो उन्होंने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि शिशु को मौके से उठाकर मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि आखिर यह नाबालिग किसने यहां फेंका है, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया है।
मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाल ही में किस गर्भवती ने बच्चे को जन्म दिया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि किसी गर्भवती ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से ही बच्चे को इस तरह से फेंका है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।