नूंह में बेकाबू कार ने पहले 3 वाहनों, फिर युवक को मारी टक्कर, 40 फीट दूर गिरा...दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 12:45 PM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के तावडू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूंह रोड स्थित गांव छारोड़ा बस स्टैंड पर बुधवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में टाइल खरीदने आए एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना में कई वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार पहले सड़क पर चल रही एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार से टकराई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 10 फीट तक हवा में उछलकर लगभग 40 फीट दूर जा गिरा। अनियंत्रित कार इसके बाद सड़क किनारे स्थित एक टाइल शोरूम के परिसर में घुस गई, जिससे वहां खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में घायल कपिल (37) पुत्र महेंद्र निवासी बहरामपुर को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि कपिल अपने जीजा प्रदीप के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-59 में निर्माणाधीन मकान के लिए टाइल खरीदने छारोड़ा स्थित टाइल शोरूम आया था। इसी दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान कपिल को मृत घोषित कर दिया। कपिल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पूरी घटना टाइल शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सीधे शोरूम में घुस जाती है। सूचना मिलते ही थाना सदर तावडू प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी।

एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में कार चालक को भी मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static