Nuh : महिला और 3 बेटियों की कुएं में कूदकर मौत मामले में पति गिरफ्तार, आरोपी नशे में करता था मारपीट
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 09:40 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के गांव बदोपुर में 9 मार्च को एक महिला और उसकी 3 छोटी बेटियों के साथ कुएं में डूबने से मौत की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। इस मामलें में नूंह पुलिस ने गहन जांच के बाद महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक महिला की पहचान साहिला पत्नी शाहिद के रूप में हुई थी। उनकी 3 बेटियां भी इस दर्दनाक घटना में नहीं बची थी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
अजायब सिंह डीएसपी फिरोजपुर झिरका के अनुसार शुक्रवार को पुलिस ने पहली गिरफ्तारी करते हुए महिला के पति शाहिद पुत्र ईसब निवासी बदोपुर को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि घटना से ठीक एक दिन पहले शाहिद ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी। शाहिद नशे का आदी था और बेरोजगारी व पारिवारिक कलह से परेशान चल रहा था।
इन घरेलू विवादों और तनाव के कारण महिला ने दुखी होकर तीनों बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि परिजनों का आरोप है कि यह हत्या थी और महिला को कुएं में धकेला गया। पुलिस इस पहलू की भी अलग से गहन जांच कर रही है। आरोपी पति को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि उसे कड़ी पूछताछ की जाएगी ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)