3 हजार रुपए के विवाद में दोस्त का कत्ल, आरोपी काबू
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 08:32 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): दोस्त को उधार दिए रुपए वापस करने के लिए दबाव न बनाने के लिए कहना एक किशोर को भारी पड़ गया। गुस्से में न केवल युवक ने किशोर से मारपीट की बल्कि उसकी चाकू मारकर हत्या भी कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच करते हुए एक आरोपी को शीतला कॉलोनी से काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मानू के रूप में हुई। वहीं, मामले में पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के गुड़गांव आने के बाद पुलिस को शिकायत दी जाएगी जिसके आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, आज सिविल लाइन्स थाना पुलिस को कंट्रोल रूप से सूचना मिली कि सेक्टर 14 के नजदीक किसी व्यक्ति को चाकू मार दिया गया हुआ। पुलिस को मालूम हुआ कि घायल व्यक्ति को पहले एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया उसके बाद फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम तुरंत फोर्टिस हॉस्पिटल पहुंची और आवश्यक कार्यवाही करते हुए मृतक का डेड रुक्का प्राप्त किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान केशव (उम्र-17 वर्ष) निवासी गांव बड़ा बैजपुर जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक पहले सेक्टर-14 स्थित गाड़ियों के शोरूम में कार्य करता था। तथा फिलहाल सुखराली में किराए पर रहता था।
पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता लगा कि केशव के दोस्त धीरज ने आरोपी मानू से दिसंबर 2025 में 3000 रुपये उधार लिए थे। आरोपी मानू के द्वारा धीरज पर पैसे वापस करने का दबाव बनाया जा रहा था। इस पर केशव ने आरोपी को पैसे के लिए दबाव न बनाने बारे कहा गया। इसी बात को लेकर केशव व आरोपी मानू के बीच कई बार कहा सुनी हुई थी। कल शाम तथा आज सुबह भी दोनों के बीच फोन पर बहस हुई तो केशव सेक्टर 14 स्थित आरोपी मानू के कार्यस्थल के नजदीक आया। जहां पर दोनों के बीच लड़ाई हुई और आरोपी मानू ने चाकू निकाल कर केशव पर वार कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी मानू को काबू कर पूछताछ शुरू कर दी है।