मेघालय से एटीएम लूटने वाला मुख्य आरोपी मेवात से गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 03:44 PM (IST)
नूंह ब्यूरो : पुनहाना सीआईए टीम ने अंतरराज्यीय अपराध में एक बड़ी सफलता हासिल की है। मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले में लाखों रुपये की एटीएम लूट के मुख्य साजिशकर्ता राहुल खान को गिरफ्तार कर मेघालय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। यह कार्रवाई मेघालय पुलिस की तकनीकी जांच और पुनहाना पुलिस के सहयोग से संभव हुई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मेघालय के मावनगाप थाना क्षेत्र में 8 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोपियों ने एक एटीएम मशीन को काटकर लाखों रुपये की नकदी लूट ली थी। पुलिस जांच में पाया गया कि इस लूट में हरियाणा मेवात के वाजिदपुर थाना पिनंगवा निवासी राहुल खान पुत्र मोहम्मद रफीक का मुख्य हाथ था। मेघालय पुलिस की तकनीकी जांच से राहुल की साजिश और सीधे संलिप्तता का पता चला। मेघालय पुलिस ने पुनहाना सीआईए टीम से सहायता मांगी।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक संदीप मोर के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल खान को एक ठिकाने से दबोच लिया। आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर मेघालय पुलिस को सौंप दिया गया है। जिला पुलिस लगातार अंतरराज्यीय अपराधियों पर नकेल कस रही है। लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।