रिकवरी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, लोगों को फोन,Whatsapp कॉल पर करते थे प्रताड़ित

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 06:59 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव पुलिस ने लोन रिकवरी के नाम पर लोगों को प्रताड़ित करने वाले रिकवरी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो युवतियों सहित पांच लोगों को दिल्ली के मंगोलपुरी एरिया से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विनीता निवासी करण विहार, दिल्ली, सुचिता निवासी भाग्य विहार, मदनपुर डबास, दिल्ली, नितेश राठौड़ उर्फ अंकित निवासी बुध विहार, दिल्ली, साहिल निवासी रामा विहार, दिल्ली तथा पवन गोला निवासी बुध विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की आयु 22 से 27 वर्ष के बीच है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस जांच एवं पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी एक थर्ड पार्टी रिकवरी कॉल सेंटर के माध्यम से विभिन्न वित्तीय संस्थानों से लोन लेने वाले ग्राहकों एवं उनके परिजनों को बार-बार फोन कॉल एवं व्हाट्सएप मैसेज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। भुगतान का दबाव बनाने के लिए अश्लील एवं आपत्तिजनक गालियां देते थे, धमकी भरे संदेश भेजते थे, निजी फोटो साझा कर डराने का प्रयास करते थे तथा विभिन्न माध्यमों से लगातार कॉल कर पीड़ितों पर मानसिक दबाव बनाते थे, ताकि उनसे जबरन लोन की वसूली कराई जा सके।

 

आपको बता दें कि 22 मई को एक व्यक्ति ने साइबर थाना ईस्ट पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा इसे तथा इसके परिवार के सदस्यों को विभिन्न मोबाइल नंबरों से लगातार फोन कॉल, व्हाट्सएप कॉल एवं मैसेज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के लोन की रिकवरी के नाम पर इससे अभद्र व्यवहार कर रहे थे। इसके द्वारा जानकारी से इनकार करने के बावजूद आरोपी लगातार अश्लील एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर धमकियां देते रहे। इसके अतिरिक्त इसे एवं इसके परिवार के सदस्यों को स्पैम/OTP संदेश भेजे गए, उनकी निजी तस्वीरें व्हाट्सएप पर भेजकर डराने का प्रयास किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए इस कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static