eSIM के नाम पर ठगी, ज्वेलरी शॉप से सोना खरीदकर दूसरों को बेचता था आरोपी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 07:46 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): एयरटेल का कर्मचारी बनकर सामान्य सिम को ईसिम में बदलने के नाम पर ठगी करने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को ग्वालियर से काबू किया है। साइबर ठगों के साथ मिलकर आरोपी ठगी गई राशि को सीधे ज्वेलरी शॉप पर सोना खरीदने के लिए ट्रांसफर करवाता था और सोना लेकर दूसरे व्यक्ति को बेच देता था। इसके बदले उसे पांच प्रतिशत कमीशन मिलता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जय वर्मा उर्फ बिट्टू (उम्र 24 वर्ष, शिक्षा-10वीं) निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी पूर्व में ऑटो रिक्शा चालक के रूप में कार्य करता था। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त ठगी गई राशि में से 3 लाख 31 हजार रुपये साइबर फ्रॉड करने वाले व्यक्तियों द्वारा सीधे एक ज्वेलरी शॉप के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। साइबर फ्रॉड करने वाले व्यक्तियों के कहने पर आरोपी जय वर्मा ने इस राशि से ज्वेलरी शॉप से सोना खरीदा तथा उस सोने को अन्य व्यक्ति को बेचने का कार्य किया। उक्त बैंक खाते को गुरुग्राम पुलिस की साइबर टीम द्वारा ट्रेस कर राशि को होल्ड करवाया गया। इसके बाद ज्वेलरी शॉप के मालिक द्वारा ग्वालियर, मध्य प्रदेश में आरोपी जय वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी करने का केस दर्ज कराया जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई।

 

पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी जय वर्मा साइबर फ्रॉड करने वाले व्यक्तियों के साथ मिलकर 5 प्रतिशत कमीशन पर कार्य करता था तथा उनके कहने पर साइबर ठगी की राशि से सोना खरीदकर उसे अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध करवाता था। आरोपी द्वारा साइबर ठगी करने वालों को बैंक खाते उपलब्ध कराने तथा साइबर ठगी की राशि को ठिकाने लगाने में भी सहयोग किया जाता था। आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन, साइबर ठगी की राशि, सोने की खरीद-बिक्री तथा अन्य सह-आरोपियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।

 

आपको बता दें कि 25 जून को एक व्यक्ति ने साइबर थाना दक्षिण को शिकायत देकर बताया था कि एक व्यक्ति ने स्वयं को एयरटेल कर्मचारी बताकर फोन किया तथा मोबाइल SIM को eSIM में बदलने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया। इसी दौरान उसके HSBC बैंक खाते से 7 अवैध RTGS/NEFT ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 18 लाख 31 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static