भाई के पार्टनर ने मारी आईटी कंपनी कर्मी को गोली, बरेली से गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 08:35 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): लक्ष्मण विहार फेज-2 में 6 मई को आईटी कंपनी कर्मी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को बरेली उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विवेक (उम्र-49 वर्ष) निवासी बरेली (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि आरोपी विवेक व शिकायतकर्ता रजत रस्तोगी के भाई गौरव ने बरेली में एक होटल खोला था। होटल में नुकसान होने के कारण आरोपी विवेक तंगी से गुजर रहा था, लेकिन गौरव को उसके भाई रजत रस्तोगी द्वारा आर्थिक मदद देने की वजह से गौरव खुशहाल जीवन जी रहा था। इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपी विवेक ने गौरव को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए जान से मारने की नीयत से रजत पर गोली चलाई थी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
आपको बता दें कि 6 मई की शाम को लक्ष्मण विहार फेज-2 की गली नंबर 4 में रजत रस्तोगी अपनी ड्यूटी से घर लौटने के बाद कार से सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान एक नकाबपोश युवक आया जिसने रजत पर गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही हथियार फेंककर फरार हो गया। इस घटना में गोली रजत को तो नहीं लगी, लेकिन छर्रे उसकी मुंह व आंख पर लगे जबकि गोली घर की दीवार पर जा लगी थी। यह घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। वारदात के बाद आरोपी कंधे पर एक बैग लटकाए पैदल ही भागता हुआ नजर आ रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले में घायल को सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां से उसकी हालत को देखते हुए कल्याणी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई के लिए अपराध शाखा की टीम को लगाया था। अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।