अवैध विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बोलेरो जब्त
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 09:27 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): खेड़की दौला थाना एरिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो गाड़ी से 23 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, शनिवार तडक़े करीब दो बजे सेक्टर-83 स्थित बाबा कबाब रोड पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक सफेद बोलेरो में दो युवक भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आने वाले हैं। पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो को रोकने का इशारा किया तो चालक वाहन मोडक़र भागने लगा। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान राजकुमार, निवासी जिला महेंद्रगढ़ और सचिन, निवासी जिला झुंझुनूं (राजस्थान) के रूप में हुई।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 14 पेटी एब्सोल्यूट वोडका, दो पेटी द ग्लेनलिवेट, एक पेटी ग्लेनफिडिक, चार पेटी जैकब्स क्रीक और दो पेटी मंकी शोल्डर ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और बोलेरो को कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खेडक़ी दौला में हरियाणा आबकारी अधिनियम की धारा 61(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।