अनुराग ठाकुर का बयान- जिसकी जात का पता नहीं, वो जाति गणना की बात करता है

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2024 - 12:14 PM (IST)

हरियाणा डेस्क. राजपूत एकता मंच की एक सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि महाराणा प्रताप ने अपने महलों को छोड़कर घास की रोटियां खाकर देश के लिए लोहा लिया, जब कोई उनका साथी नहीं था, जिन्होंने देश के लिए अपनी कुर्बानियां बढ़चढ़ कर दी हैं, हम उस समाज से आते हैं। हम जातपात को नहीं मानते, सभी को साथ लेकर चलने वाले हैं। देश में तो जिसकी जात का पता नहीं वो जाति गणना की बात करता है। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नफरत की इतनी फैक्ट्री चलाना बंद कर दो।  राजीव गांधी के समय में सिखों के साथ बहुत अन्याय किया गया, लेकिन जब से नरेंद्र मोदी की सरकार आई एसआईटी का गठन हुआ और जगदीश एवं सज्जन कुमार को जेल में डालने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया। इसके बाद उन्होंने घरौंडा में भाजपा प्रत्याशी हरविंद्र कल्याण के समर्थन में भी एक चुनावी सभा को संबोधित किया।

भाजपा ने हर वर्ग को दिया सम्मान


कुरुक्षेत्र के सलपानी गांव में आयोजित जनसभा में अनुराग ठाकुर ने शाहाबाद विधानसभा के लोगों को संबोधित किया। उनके साथ भाजपा युवा प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा और भाजपा प्रत्याशी सुभाष कलसाना भी उपस्थित थे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केवल भाजपा में आम कार्यकर्ता को सांसद और फिर मुख्यमंत्री जैसे बड़े पद दिए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने मेहनती कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। उन्होंने शाहाबाद में भाजपा को जीत दिलाने की अपील की।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी टीम ने दलित नेताओं अशोक तंवर और कुमारी शैलजा का अपमान किया है। भाजपा ने हमेशा हर वर्ग का सम्मान किया है। 1984 में सिख समाज सहित पीड़ित लोगों को भाजपा कार्यकाल में इंसाफ मिला है और दोषियों को सजा दी गई है। इसके अलावा किसानों के लिए भी भाजपा ने अनेक बड़ी घोषणाएं की है। इस बार धान फसल का दाम किसानों को मिलने वाला है। उसके बाद किसानों के चेहरे खिल उठेंगे। हर वर्ग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी जनकल्याणकारी घोषणाएं कर रहे हैं और आज हर वर्ग भाजपा से खुश है।

इस सभा में भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य बीबी करतार कौर, अमरजीत सिंह डांगी, धुराला मंडल अध्यक्ष सहदेव मलान, नलवी मंडल अध्यक्ष सर्वजीत कलसानी, और कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता और मतदाता उपस्थित रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News

static