Yamunanagar: डंपरों में ''आगे निकलने की होड़'' ने मचाई तबाही, अस्पताल की दीवार तोड़ पलटा मिट्टी से भरा ट्रक
punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 03:03 PM (IST)
यमुनानगर(परवेज): हरियाणा के यमुनानगर में एक तेज रफ्तार डंपर बेकाबू होकर हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा छछरौली के तिकोनी मोड़ पर हुआ, जहां मिट्टी से भरा डंपर अचानक पलट गया। हादसे के दौरान डंपर ने सिविल अस्पताल की दीवार को तोड़ दिया और आसपास लगे कई खोखों को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। गनीमत यह रही कि उस वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि डंपर चालकों के बीच आगे निकलने की होड़ इस हादसे की बड़ी वजह बनी। फिलहाल जेसीबी की मदद से डंपर को सीधा कर दिया गया है और ट्रैफिक भी बहाल कर दिया गया है।

यमुनानगर के छछरौली इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर तिकोनी मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधे सिविल अस्पताल की दीवार से जा टकराया और उसे तोड़ते हुए पास में लगे कई खोखों को भी तहस-नहस कर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर चल रहे डंपरों के बीच आगे निकलने की होड़ लगी हुई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर उस समय वहां भीड़ होती तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। हादसे में प्रभावित लोगों में से एक, इंद्रजीत ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी रेहड़ी और फड़ी के नुकसान की भरपाई की जाए। घटना के बाद मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से डंपर को सीधा किया और सड़क से हटाकर यातायात को दोबारा सुचारू किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।