पलवल : हाईवे पर नशे में धुत कैंटर चालक ने मचाया तांडव, बाइक सवार महिला की गई जान... 2 गंभीर
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 10:38 AM (IST)
पलवल ( गुरदत्त गर्ग) : पलवल नेशनल हाईवे-19 पर कुशलीपुर फ्लाईओवर के ऊपर एक तेज रफ्तार कैंटर ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक और पीछे बैठी दो महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें 70 वर्षीय लोंगो देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्रवधू इंदिरा देवी और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, केंटर के पीछे चल रहे एक कार चालक ने दुर्घटना करके भाग रहे कैंटर का पीछा किया और उसे रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति और बढ़ा दी। आरोप है कि पीछा कर रही कार को रोकने के बजाय कैंटर चालक ने वाहन को कार पर चढ़ाने का भी प्रयास किया। कार में सवार चालक, उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए। बाद में लोगों की मदद से कैंटर को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े जाने पर कैंटर चालक शराब के नशे में धुत मिला। उसने स्वीकार किया कि उसने शराब पी रखी थी। चालक का कहना था कि उसने अपनी गाड़ी को दूसरी गाड़ी से बचाने के लिए मोड़ा था, जिससे बाइक टकरा गई। वहीं मौके से भागने के सवाल पर उसने सफाई दी कि वह वाहन को पुलिस थाने ले जा रहा था।
हादसे के बाद लोगों ने कुछ समय तक एंबुलेंस का इंतजार किया, लेकिन सहायता नहीं मिलने पर तीनों घायलों को ऑटो में डालकर जिला नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने लोंगो देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल इंदिरा देवी और बाइक चालक कल्ला निवासी धौलपुर (राजस्थान) को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। पलवल के नागरिक अस्पताल में उपचार आधीन बाइक चालक घायल कल्ला ने बताया कि वह दोनों महिलाओं को नहीं जानता था। महिलाओं ने रास्ते में उससे पलवल तक लिफ्ट मांगी थी, जिसके बाद वह उन्हें बाइक पर बैठाकर ला रहा था। पलवल पहुंचने से करीब दो किलोमीटर पहले यह हादसा हो गया।
मृतका लोंगो देवी पलवल के निकटवर्ती गांव गोपीखेड़ा की निवासी थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जांच अधिकारी सत्येंद्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बताया कि हादसे में तीन लोग अस्पताल लाए गए थे, जिनमें एक महिला को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि दो अन्य गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।