पंचकूला को मिलेगी खास पहचान, चंडीगढ़ की तर्ज पर बन रहा लोगो, विजन सोसाइटी ने किया निरीक्षण

punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 08:50 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : पंचकूला को नई पहचान मिलने जा रही है। मेट्रोपॉलिटन सिटी का दर्जा मिलने के बाद अब चंडीगढ़ की तर्ज पर शहर का लोगो तैयार हो रहा है। यह लोगो हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के संरक्षण वाली पंचकूला विजिन सोसाइटी बनवा रही है। सोसाइटी ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा एमएलए हॉस्टल में बैठक कर अभी तक तैयार किए गए लोगो का निरीक्षण कर उन पर गहराई से मंथन किया। पंचकूला की डीसी डॉ. प्रियंका सोनी विजिन सोसाइटी की पदेन अध्यक्ष हैं।

ये लोगो पंचकूला की 5 की पहचान युवा और बुजुर्ग हब, संगीत एवं सांस्कृतिक केंद्र, गार्डन टूरिज्म हब, स्पोर्ट्स और वेलनेस हब, इनोवेशन और स्टार्टअप हब पर आधारित हैं। इनमें पंचकूला के इतिहास को दर्शाते हुए पांच प्राकृतिक जल प्रवाहों को भी दर्शाया गया है। लोगों में शहर के इतिहास और वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की संकल्पना को भी मूर्त रूप दिया जा रहा है। भविष्य की यह संकल्पना शहर के विकास के लिए कारोबारी गतिविधियों व स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। 

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि स्टार्टअप की भूमिका सिर्फ उत्पादन संबंधी कारोबारी गतिविधियों पर सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों  को प्रोत्साहित करने के लिए भी स्टार्ट-अप का सहयोग जरूरी है। इसके साथ ही सोसाइटी ने पंचकूला में बड़े स्तर पर हरियाली तीज उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। यह उत्सव प्रदेश के सांस्कृतिक विभाग की ओर से वाटिका या यवनिका ओपन एयर थियेटर में मनाया जाएगा। 

इस अवसर पर नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल, नगर निगम के आयुक्त सचिन गुप्ता, पंचकूला विजिन सोसाइटी के संयोजक विवेक अत्रे, महासचिव डीपी सिंहल, आर्किटेक्ट रेणु खन्ना भी उपस्थित रहीं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static