पानीपत : फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही थी दो महिलाएं...रास्ते में काल बन टकराई कार, एक झटके में दोनों की छीन ले गई जिंदगी
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 01:15 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : इसराना मेन बाजार के सामने सड़क पार कर रही दो महिलाओं को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
एक के परिजन बलबीर ग्रोवर का दावा है कि कार पुलिसवाला चला रहा था। हादसे के बाद कार लेकर ड्राइवर फरार हो गया। रात को पुलिस ने कार को डाहर टोल से बरामद किया। मृतकों की पहचान इसराना की रेशमा (47) पत्नी रिंकू और सोनिया (42) पत्नी धर्मपाल के रूप में हुई है।
हादसा शाम 7:20 बजे के करीब हुआ। दोनों महिलाएं नौल्था स्थित सन्नी फैक्ट्री में मजदूरी करती थीं। फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही थी। रेशमा के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं, सोनिया को एक बेटा और एक बेटी है। गोहाना की ओर से कार से आ रही थी। दोनों महिला बाजार के सामने दोनों पुल के बीच ग्रिल काटकर बनाए गए रास्ते से हाईवे पार कर रही थीं।
परिजनों का आरोप है कि कार पुलिस वाला चला रहा था और गाड़ी में शराब की बोतल व खाने पीने की चीज भी मिली हैं। उन्होंने बताया कि पहले पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। बाद में फरार बता रही है। फिलहाल गाड़ी पुलिस थाने में खड़ी है।