रंगदारी मांगने और एक्सप्लोसिव एक्ट के आरोपी इंद्रजीत का अवैध मकान ध्वस्त
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 09:11 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बादशाहपुर गांव में अपराधी इंद्रजीत के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाया। आरोपी ने करीब 150 वर्ग गज प्राइम सरकारी जमीन पर बिना अनुमति पक्का मकान बना रखा था। कार्रवाई के बाद कब्जा की गई जमीन को मूल स्वरूप में बहाल कर दिया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी इंद्रजीत बादशाहपुर का मूल निवासी है। उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह इलाके में अवैध वसूली यानी रंगदारी और एक्सप्लोसिव एक्ट जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। गुरुग्राम के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि इंद्रजीत ने सरकारी नियमों को ताक पर रखकर 150 वर्ग गज जमीन पर कब्जा कर मकान खड़ा किया था। खुफिया विंग की रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन ने निर्माण को अवैध घोषित कर गिराने के आदेश दिए।
हाई-प्रोफाइल डिमोलिशन ड्राइव अपराध शाखा मानेसर और प्रशासन की टीम ने चलाई। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की कड़ी निगरानी में बुलडोजर से मकान गिराया गया। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और आम नागरिकों को अपराधियों के शोषण से बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में ऐसे सख्त अभियान जारी रहेंगे। अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों और कब्जों को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।